MP : सेल्समैन से बना मैनेजर, काली कमाई से बनायीं अकूत संपत्ति

रतलाम/झाबुआ। झाबुआ में देवझिरी में सेवा सहकारी समिति प्रबंधक भारत सिंह हाडा 25 साल की नौकरी में अकूत संपत्ति का मालिक बन गया। वह लक्जरी लाइफ जीता था। रंभापुर में आलीशान बंगला किसी फिल्मी सीन जैसा लगता है। बंगले में जिम भी है। लोकायुक्त की कार्रवाई शुरू होने के बाद से वह लापता है। हालांकि, फोन चालू है। हाडा का कहना है कि मेरे खिलाफ लंबे समय से शिकायतें हो रही थीं। कार्रवाई का अंदेशा था। समय आने पर सारे डॉक्युमेंट्स पेश करूंगा।

लोकायुक्त टीम ने भारत सिंह हाडा के 3 घरों पर रतलाम, झाबुआ, रंभापुर में छापा मारा। इस वक्त हाडा की पत्नी ममता श्रीवास्तव हाडा और बेटा मौजूद थे। भारत सिंह घर में मौजूद नहीं था। टीम गुरुवार सुबह 6 बजे पहुंची तो पत्नी ने दरवाजा खोला। पूछा कि आप कौन हैं और कहां से आए हैं? टीम ने परिचय देते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।

भारत सिंह मूलत: मालटोदी गांव के रहने वाले हैं। शाम तक करीब सवा करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का खुलासा हो चुका है। इसमें 4 मकान, 50 तोला सोना, 20 लाख रुपए नकद, चांदी के बर्तन, दो प्लॉट, दो कार, 10 एलआईसी पॉलिसी, 5 लाख रुपए की एफडी, कृषि जमीन समेत अन्य सामान मिला है। टीम को कुछ बैंक खाते भी मिले हैं। टीम ने कुछ दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

जीता है लक्जरी लाइफ
भारत सिंह के तीनों मकान तीन मंजिला हैं। रंभापुर में उसके मकान पर टीम पहुंची, तो हैरान रह गई। यहां लक्जरी मकान है। तीनों घरों में ऐशो-आराम की हर सुविधा मौजूद थी। रंभापुर के एक कमरे में जिम भी बना रखी है। उसे महंगी घड़ियों और सामान का शौक है।

1997 में सेल्समैन के रूप में हुआ था भर्ती
भारत सिंह 1997 में सेल्समैन पर भर्ती हुआ था। 2014 में सहायक प्रबंधक बना। 2017 में प्रबंधक बनाया गया। उसकी सैलरी करीब 34 हजार रुपए है। सहायक प्रबंधक के पद पर उसे 26 हजार रुपए मिलते थे। वहीं, सेल्समैन रहते हुए उसे करीब 8 से 12 हजार रुपए मिलते थे। यही नहीं, उसकी नियुक्ति भी अस्थाई है।

पत्नी और बेटा भी नौकरी में
भारत सिंह की दो शादियां हुई हैं। पहली पत्नी से दो बेटे और दूसरी पत्नी ममता सिंह से एक बेटा और एक बेटी है। भारत सिंह के मुताबिक पत्नी ममता सिंह पुलिस में है। उसे 47 हजार रुपए और एक बेटे को 40 हजार और दूसरे बेटे को नौकरी में 10 हजार रुपए मिलते हैं। दोनों कारें पत्नी के नाम पर हैं फाइनेंस पर हैं। इसकी किश्त भी भरते हैं। इसके अलावा बेटे को बिजनेस शुरू करवाने के लिए 15 लाख रुपए समधी से उधार लिए थे।

बोला- टीम को कार्रवाई करने दो, मैं जवाब दूंगा
कार्रवाई के बाद से ही भारतसिंह लापता है। पुलिसकर्मियों और टीम ने कॉल भी किए, लेकिन वह नहीं आया। भास्कर से बातचीत में उसने बताया कि टीम को अपनी कार्रवाई करने दें। मुझे इसके बारे में पहले से आशंका थी। लगातार शिकायतें की जा रही थीं। मैं समय आने पर डॉक्युमेंट पेश करूंगा।

papajinews
Author: papajinews

Leave a Comment

error: Content is protected !!