ग्राम दानवाखेड़ा में स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय,खुजली (स्केबीज) के 19 मरीज
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े ने बताया कि 15 मार्च को जनपद घोड़ाडोंगरी के ग्राम दानवाखेड़ा में ग्रामीणों में त्वचा संबंधी रोग की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल बीएमओ के नेतृत्व में 6 सदस्यीय मेडिकल टीम गठित कर ग्राम भेजी गई। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि 6 बच्चों को एहतियातन एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी में भर्ती कर उपचार किया गया, जहां सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है।
18 मार्च को डॉ. सुमित जाटव, चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में पुनः ग्राम में स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। जांच के दौरान कुल 28 मरीज पाए गए, जिनमें खुजली (स्केबीज) के 19 मरीज तथा सर्दी-खांसी, बुखार एवं अन्य बीमारियों से पीड़ित 9 मरीज शामिल हैं। मेडिकल टीम ग्राम में ही रहकर प्रभावित ग्रामीणों का उपचार कर रही है तथा वर्तमान में कोई भी गंभीर मरीज नहीं है।
सीएमएचओ डॉ. हुरमाड़े ने बताया कि एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्राम में सतत निगरानी रखते हुए जांच एवं उपचार कर रही है। टीम द्वारा पीने के पानी का क्लोरीनेशन भी कराया जा रहा है तथा ग्रामीणों को जलजनित बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक सलाह दी जा रही है। मेडिकल टीम का जांच रोस्टर भी निर्धारित किया गया है और टीम ग्रामीणों के निरंतर संपर्क में है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में ग्राम में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इसके अतिरिक्त प्रति माह तीसरे शुक्रवार को ग्राम में गर्भवती माताओं की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
Author: papajinews
Post Views: 51



