शाहपुर में गूंजी सवर्ण रैली की गूंज : बैतूल में 9 मार्च की ऐतिहासिक रैली के लिए हुई बैठक
शाहपुर : सवर्ण समाज द्वारा आगामी 9 मार्च को बैतूल में विशाल रैली, प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को शाम 4 बजे विजय भवन, शाहपुर में आयोजित की गई। बैठक में बैतूल में होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा और उससे जुड़ी आवश्यक जानकारियां समाज के लोगों को दी गईं।
बैठक में बताया गया कि बैतूल में आयोजित होने वाली इस रैली में जिलेभर से बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सभी समाजजनों को सुबह करीब 10 बजे शाहपुर मनसुखदास बाबा समाधि स्थल के सामने नगर परिषद प्रांगण में एकत्रित होकर बैतूल के लिए रवाना होना निश्चित किया गया है। सभी सवर्ण समाजजनों को 11 से 12 बजे के बीच शिवाजी ऑडिटोरियम में एकत्रित होने का आग्रह किया गया है। इसके बाद दोपहर 12 बजे रैली प्रारंभ होगी, जो शिवाजी ऑडिटोरियम से निकलकर मुल्ला पेट्रोल पंप, बस स्टैंड और लल्ली चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रतिनिधि मंडल द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद उद्योग विभाग के सामने सभा एवं प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वक्ताओं द्वारा यूजीसी के प्रस्तावित कानून के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी और बताया जाएगा कि इससे सवर्ण समाज पर किस प्रकार के संभावित प्रभाव पड़ सकते हैं। साथ ही आगे की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में सर्वसम्मति से कार्यक्रम का विकासखंड संयोजक समाजसेवी अरुण तिवारी को बनाया गया, मंच संचालन मनोज शुक्ल हिंदुस्तानी द्वारा किया गया इस दौरान लोगों ने अपने-अपने विचार रखें।
सवर्ण समाज ने जिलेभर के समाजजनों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी आवाज बुलंद करें। साथ ही लोगों से कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा यूजीसी कानून से संबंधित संभावित प्रभावों के बारे में जनजागरण करने का भी आग्रह किया गया।
बैठक में सवर्ण समाज के शाहपुर,भौंरा,पहावाड़ी,रायपुर के स्वर्ण समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Author: papajinews
Post Views: 29




