इंदौर : हिंदू संगठनों की रैली पर पथराव, दर्जनभर युवक घायल

इंदौर। जिले के ग्राम चांदनखेड़ी में मंगलवार को हिंदू संगठनों पर दूसरे गुट के लोगों ने पथराव किया है। विवाद की सूचना मिलते ही इंदौर से भारी पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवाद की सूचना लगते ही अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया था, अब स्थिति नियंत्रण में है। पथराव में करीब दर्जन भर लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है।
चांदनखेड़ी गांव सांवेर-गौतमपुरा रोड पर स्थित है। जानकारी अनुसार रैली गांव में एक धर्म स्थल के पास से गुजर रही थी, तभी कुछ लोगों ने पथराव किया है, जिससे रैली में शामिल लोगों को चोट आई है और करीब दर्जनभर युवक घायल हुए हैं। पथराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। रैली में शामिल लोग पत्थरबाजों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि रैली में शामिल हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे। रैली गांव में एक धर्म स्थल और दूसरे गुट के लोगों के क्षेत्र से गुजर रही थी। इस दौरान दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते विवाद शुरू हो गया और लोगों ने रैली पर पथराव कर दिया। इससे गांव में अफरा- तफरी मच गई और हालात तनावपूर्ण हो गए।
सूचना मिलने पर इंदौर से पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रण करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया गया। उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार 25 दिसंबर को उज्जैन में भी हिंदू संगठन की रैली पर पथराव किया गया था।
वहीं, इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि हम पथराव के कारण की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पथराव के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। जिन लोगों ने पथराव कर सांप्रदायिक सद्भाव का माहौल खराब करने की कोशिश की है, हम उनकी पहचान कर रहे हैं। उन्हें गिरफ्तार कर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत जेल भेजा जाएगा।

मालूम रहे कि इसी तरह की घटना 25 दिसंबर शुक्रवार को उज्जैन में सामने आई थी। वहां भी बेगमबाग क्षेत्र में राम मंदिर निर्माण को लेकर धन संग्रह करने के लिए निकले हिंदूवादी कार्यकर्ताओं की रैली पर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई थी।

papajinews
Author: papajinews

Leave a Comment

error: Content is protected !!