बीजादेही अपहरण कांड का 48 घंटे में खुलासा , युवती सकुशल,आरोपी बबलू सहित 2 गिरफ्तार

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

शाहपुर-बीजादेही पुलिस और साइबर सेल का एक्शन: किडनैप हुई युवती सकुशल बरामद, आरोपियों पर शिकंजा

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की बीजादेही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक सनसनीखेज अपहरण कांड का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने अपहृत 24 वर्षीय युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, मामले के मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है।
मिर्च पाउडर फेंककर किया था युवती का अपहरण
घटना 31 अक्टूबर 2026 की है। थाना बीजादेही क्षेत्र के ग्राम बालईमाल निवासी फूलचंद यादव के घर दोपहर करीब 12 बजे बोलेरो वाहन से आए बदमाशों ने धावा बोला। आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और विरोध करने पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी, फरियादी की 24 वर्षीय बेटी राधिका यादव का जबरन अपहरण कर भाग गए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं (296(A), 115(2), 351(3), 333, 140(3), 3(5)) के तहत मामला दर्ज किया था।
साइबर सेल और 3 थानों की संयुक्त टीम ने दी दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी वीरेन्द्र जैन ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में एसडीओपी शाहपुर श्रीमती अर्चना शर्मा,थाना प्रभारी बीजादेही निरीक्षक रामकुमार मीणा,थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक नीरज पाल,थाना प्रभारी चिचोली निरीक्षक हरिओम पटेल,साइबर सेल बैतूल के आरक्षक राजेन्द्र एवं दीपेन्द्र सहित पुलिस बल शामिल रहा।
तकनीकी साक्ष्यों और संभावित ठिकानों पर लगातार सघन दबिश के बाद पुलिस ने 02 नवंबर को मुख्य आरोपी बब्लू यादव (30 वर्ष, निवासी फोंगरिया) और सह-आरोपी राजेश यादव (निवासी मण्डई) को गिरफ्तार कर लिया।
शेष आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने युवती के बयान दर्ज करने के बाद उसे सुरक्षित परिवार को सौंप दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य 6-7 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी की अपील: बैतूल एसपी श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि कानून को हाथ में लेना या डराना-धमकाना गंभीर अपराध है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
papajinews
Author: papajinews

error: Content is protected !!