शाहपुर : ‘मिशन लाइफ’ अंतर्गत स्लो साइकिल रेस,रचनात्मक प्रतियोगिताएँ आयोजित 

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

सतत विकास की ओर सशक्त कदम: ‘मिशन लाइफ’ अंतर्गत स्लो साइकिल रेस, रचनात्मक प्रतियोगिताएँ एवं सिलपटी स्थित मशरूम उत्पादन इकाई का शैक्षणिक भ्रमण


शासकीय महाविद्यालय शाहपुर में ‘मिशन लाइफ’ (Lifestyle for Environment) की भावना को साकार करते हुए महाविद्यालय के इको क्लब हरीतिमा एवं पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास, हरित जीवनशैली और स्थानीय संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग के प्रति व्यवहारिक एवं बौद्धिक जागरूकता विकसित करना था कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नीतू जायसवाल माहौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा—
“मिशन लाइफ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन की जिम्मेदार आदतों का संकल्प है। पर्यावरण संरक्षण कोई वैकल्पिक विषय नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व से जुड़ा दायित्व है। यदि युवा वर्ग आज से ही स्वास्थ्य, स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण और हरित जीवनशैली को अपनाए, तो आने वाला भारत अधिक सशक्त, स्वावलंबी और पर्यावरण-संतुलित होगा। हमें छोटे-छोटे प्रयासों—जैसे साइकिल का उपयोग, प्लास्टिक से परहेज, अपशिष्ट का पुनर्चक्रण और स्थानीय संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग—से एक बड़े परिवर्तन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना है।”
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे केवल जागरूक नागरिक ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के सक्रिय दूत बनकर समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करें।
स्लो साइकिल रेस: स्वास्थ्य और हरित परिवहन का संदेश
गतिविधियों की प्रथम कड़ी में आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच स्वास्थ्य चेतना को सुदृढ़ करने तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने हेतु स्लो साइकिल रेस का आयोजन किया गया। इस अनूठी प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, संतुलित एवं फिट जीवनशैली अपनाने तथा ईंधन रहित परिवहन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाना था।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुशासन, उत्साह और खेलभावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कड़े एवं रोचक मुकाबले के बीच साहिल धुर्वे (बी.ए. प्रथम वर्ष) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। रचनात्मक अभिव्यक्ति: पोस्टर मेकिंग एवं निबंध प्रतियोगिता
पर्यावरण शिक्षण गतिविधियों की अगली श्रृंखला में पोस्टर मेकिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, जैव विविधता, प्लास्टिक उन्मूलन, ऊर्जा बचत और हरित भविष्य जैसे विषयों पर प्रभावशाली एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
व्यवहारिक ज्ञान की ओर कदम: विक्रम मशरूम उत्पादन एवं प्रशिक्षण केंद्र, सिलपटी का भ्रमण
इसी क्रम में ग्राम सिलपटी स्थित विक्रम मशरूम उत्पादन एवं प्रशिक्षण केंद्र का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान मुख्य प्रशिक्षक श्री रामकिशोर कहार ने विद्यार्थियों को मशरूम उत्पादन की संपूर्ण वैज्ञानिक प्रक्रिया से अवगत कराया।
उन्होंने स्पान (बीज) निर्माण, ऑटोक्लेव, लैमिनार एयर फ्लो, मशरूम कल्चर तकनीक, पोषण माध्यम तथा उत्पादन हेतु आवश्यक सामग्री का विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने स्वयं प्रारंभिक उत्पादन प्रक्रिया पूर्ण कर व्यावहारिक ज्ञान एवं अनुभव प्राप्त किया, जिससे स्वरोजगार एवं पोषण सुरक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं की समझ विकसित हुई।
‘वेस्ट टू बेस्ट’ प्रदर्शनी और शपथ
महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा ‘वेस्ट टू बेस्ट’ थीम पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें बर्ड नेस्ट, फीडिंग पॉट, कलात्मक गमले एवं अन्य पर्यावरण हितैषी उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
समस्त गतिविधियाँ इको क्लब हरीतिमा के संयोजक डॉ. नितेश पाल के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुईं। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉक्टर शीतल चौधरी प्रोफेसर चंद किशोर वाघमारे डॉक्टर सपना रजक श्रीमती रूपिका ताइवाडे का विशेष सहयोग रहा में महाविद्यालय के लगभग 110 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता कर ‘मिशन लाइफ’ की भावना को व्यवहार में उतारा।
papajinews
Author: papajinews

error: Content is protected !!