MP : BJP विधायक अजय विश्नोई ने कहा- मेनका गांधी निहायत ही घटिया महिला हैं

जबलपुर । नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के वेटनरी डॉक्टर विकास शर्मा से बातचीत में जिस तरह से बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने पूरे वेटनरी कॉलेज को घटिया कहा, उससे जबलपुर में उनके खिलाफ जमकर आक्रोश दिख रहा है। अब बीजेपी विधायक अजय विश्नोई ने तल्खी के साथ सांसद के खिलाफ टिप्पणी की है। अपने बेबाक बोल के लिए प्रसिद्ध विधायक विश्नोई ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि सांसद मेनका गांधी घटिया महिला है। मैं शर्मिंदा हूं कि ये मेरी पार्टी की सांसद (नेता नहीं) है।

विधायक अजय विश्नोई ने 26 जून शनिवार सुबह 8.25 बजे अपनी ये पोस्ट की। इस पोस्ट पर 399 लोगों ने जहां रि-पोस्ट किया। वहीं 443 लोगाें ने उनकी बेबाक टिप्पणी को पसंद किया है। विधायक ने लिखा है कि विगत दिवस सांसद मेनका गांधी ने पशुचिकित्सक डॉक्टर विकास शर्मा से जिन शब्दों में बात की, उससे वेटरनरी कॉलेज जबलपुर घटिया सिद्ध नही हो जाता है। परंतु यह जरूर सिद्ध हो जाता है कि मेनका गांधी निहायत ही घटिया महिला हैं।

पूरे देश में वेटनरी डॉक्टर कर रहे विरोध प्रदर्शन
बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के खिलाफ पूरे देश में वेटनरी डॉक्टर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जबलपुर के नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के वेटनरी डॉक्टर्स और छात्रों भी उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। जबलपुर के नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय है, जिसे मेनका गांधी ने हाल ही में कथित रूप से घटिया बताया था और उनका ऑडियो वायरल हो गया था।

बीजेपी सांसद मेनका गांधी पर FIR दर्ज करने की मांग
वेटनरी डॉक्टर्स ने मेनका गांधी को लीगल नोटिस भेजने की बात करते हुए उनके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में शिकायत दी है। डॉक्टरों ने एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उनका दावा है कि जब तक अपने शब्दों पर वो माफी नहीं मांगती हैं, उनका विरोध जारी रहेगा। गुरुवार से उनके खिलाफ डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को छात्राओं और महिला अध्यापकों ने प्रदर्शन किया। डॉक्टर अपरा शाही, डॉक्टर अंजू नायक, डॉक्टर कविता राय ने कहा कि पशु चिकित्सकों की पढ़ाई पर बिना सोचे-समझे टिप्पणी करना सांसद मेनका गांधी को शोभा नहीं देता। उन्हें दुख है कि एक महिला होते हुए वह बयान देकर दूसरी महिला को अपमानित कर रही हैं।

ऑडियो वायरल होने के बाद आक्राेश
हाल ही में मेनका गांधी और वेटनरी डॉक्टर के बीच हुई बातचीत का कथित ऑडियो वायरल हुआ है। इस ऑडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि किस तरह मेनका गांधी वेटरनरी डॉक्टर को न केवल गालियां दे रही हैं, बल्कि उसकी काबिलियत पर भी सवाल उठा रही हैं। यहां तक कि मेनका गांधी ने जबलपुर के नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय को भी घटिया बता दिया। जबकि जबलपुर के वेटनरी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र ना केवल देश बल्कि विदेशों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

ये है पूरा मामला

21 जून को एक कथित ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें चंडीगढ़ में प्रैक्टिस कर रहे जबलपुर वेटनरी विवि में पढ़े डॉक्टर विकास शर्मा से मेनका गांधी की फोन पर बात हुई थी। दरअसल चंडीगढ़ निवासी अंजली चौधरी अपना डॉग इलाज के लिए डॉक्टर शर्मा के पास लाई थी। उन्होंने उसका ऑपरेशन किया। मालिक उसे अपने घर ले गईं। जहां टांका टूट गया। बाद में इस डॉग का पैर काटना पड़ा। इसके बाद अंजली चौधरी ने इस मामले में मेनका गांधी से शिकायत की। इसी शिकायत पर मेनका गांधी ने फोन पर डॉक्टर के खिलाफ अपशब्द कहे और फिर कहां से डिग्री ली, पूछ कर वेटनरी विवि को देश का सबसे घटिया विश्वविद्यालय बता दिया।

papajinews
Author: papajinews

Leave a Comment

error: Content is protected !!